चैत्र नवरात्रि की तैयारियां पूरी हो गई हैं। धर्मनगरी सहित जिले के प्राचीन देवी मंदिरों में रंगाई पुताई कर सजावट कर दी गई है। हर साल की तरह कई स्थानों में राम कथा का आयोजन भी किया जाएगा। इसके लिए पंडाल लगाए गये हैं। मंगलवार को चैत्र माह की अमावस्या पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मनगरी पहुंच गये है। इनकी सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है।
चैत्रमाह की अमावस्या पर लाखों श्रद्धालु मंदाकिनी में डुबकी लगाकर नवरात्रि को धूमधाम से मनाने की तैयारियां भी पूरी कर चुके हैं। धर्मनगरी स्थित विभिन्न धार्मिक स्थानों के मंदिरों को सजाए जा रहा है। शहर के प्रमुख कालीदेवी मंदिरों में भी रंगाई पुताई का काम किया गया है। हर साल की तरह कई स्थानों में श्रीराम कथा के आयोजन के पंडाल सज गए हैं। इसमें तुलसी पीठ स्थित परिसर में जगतगुरू रामभद्राचार्य की कथा के साथ ही जानकीकुंड स्थित रघुवीर मंदिर में कथा का आयोजन नौ दिनोें तक चलेगा। इसके अलावा भरतमंदिर, रघुवीर मंदिर में भी श्रीरामकथा का आयोजन किया जाएगा। शहर के अन्य मंदिरों में रंगाई पुताई का काम हो चुका है।
वहीं चैत्र की अमावस्या पर एक दिन पहले से ही लाखों श्रद्धालु धर्मनगरी में पहुंच चुके हैं। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने निर्देश दिए हैं कि धर्मनगरी के सभी इलाकों में सफाई कर पेयजल का इंतजाम किया जाए। पुलिस अधीक्षक डीपी सिंह ने बताया कि मेला क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सोमवार को डीएम-एसपी ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।