फोटो 29 सीकेटीपी-33- सिर पर दुपट्टटा डालकर निकलती किशोरियां। संवाद
- फोटो : अमर उजाला/संवाद
चित्रकूट। तेज हवा और हल्की बारिश के आसार के बीच बुधवार को जिले में सूरज ने आग उगली। सुबह से ही निकली प्रचंड धूप और दिनभर चली लू ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। भीषण गर्मी और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।
बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह करीब सात बजे से ही धूप इतनी तीखी हो गई कि लोग घरों से निकलने से बचते नजर आए। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकले, वे भी तेज धूप और तपती हवाओं के चलते परेशान दिखे। जबकि मंगलवार को तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया था। इससे लोगों को राहत की उम्मीद जगी थी। बुधवार को पारा फिर उछलकर 44 डिग्री के पार पहुंच गया। इससे गर्मी का असर और तेज हो गया।
शाम की हवा भी बनी आफत
शाम के समय तेज हवा जरूर चली, लेकिन वह भी लू की तरह महसूस हुई। इससे लोगों को किसी तरह की राहत नहीं मिल सकी, बल्कि गर्म हवाओं ने परेशानी और बढ़ा दी। दिनभर हल्के बादल छाए रहे, इससे उमस का स्तर भी बढ़ गया। भीषण गर्मी के चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। बाजारों में भीड़ कम दिखी और लोग जरूरी काम न होने पर घरों में ही दुबके रहे। तेज धूप के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
30 अप्रैल तक तेज हवा के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है, लेकिन बुधवार के हालात को देखते हुए लोगों में संशय बना हुआ है कि राहत कब तक मिलेगी। फिलहाल गर्मी के इस तेवर ने साफ कर दिया है कि आने वाले दिनों में हालात और भी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
-अंकुर त्रिपाठी, मौसम वैज्ञानिक
फोटो 29 सीकेटीपी-33- सिर पर दुपट्टटा डालकर निकलती किशोरियां। संवाद- फोटो : अमर उजाला/संवाद