जिलाधिकारी नीलम अहलावत की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मासिक बैठक हुई। इसमें डीएम ने लक्ष्य के सापेक्ष कर वसूली न पाए जाने पर नाराजगी जताई। डीएम ने वसूली कम पाए जाने पर मनोरंजन कर निरीक्षक के खिलाफ शासन को पत्र भेजने और लिपिक पर कार्रवाई करने के निर्देश एडीएम को दिए।
अभियोजन, मॉनीटरिंग सेल, खाद्य एवं औषधि, कानून व्यवस्था, खनन, परिवहन, वन-विभाग, विद्युत आबकारी, आदि विभागों की बैठक में डीएम ने लक्ष्य के सापेक्ष कर वसूलने के निर्देश दिए। उन्होंने मनोरंजन, खनिज, आबकारी और बांट-माप विभागों को लक्ष्य के सापेक्ष कर न वसूलने पर फटकार लगाई। डीएम ने मनोरंजन विभाग के अधिकारियों को केबल आपरेटर की बैठक बुलाने को कहा। खनिज अधिकारी के 9 जुलाई से अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने शासन को पत्र भेजने की बात कही। कहा कि जो बालू सीज की गई है उसकी नीलामी कराई जाए। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को ओवरलोड वाहनों पर रोक को विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
एक्सईएन विद्युत से कहा कि कैंप में दिक्कत आने पर एसडीएम से सहायता लें और अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई करें। आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि अवैध रूप से बनाई जा रही शराब के खिलाफ छापेमारी तेज करें और इसकी फोटोग्राफी भी कराएं। 15 दिनों में लक्ष्य पूरा न होने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने की बात कही। खाद्य विभाग की समीक्षा कर कहा कि माह में 15 छापे और निरीक्षण की कार्रवाई हुई जो काफी कम है। बैठक में एडीएम महेश चंद्र शर्मा, एसडीएम रजनीश मिश्रा, अधिशाषी अधिकारी लालचंद सरोज, एलडीएम अभिनंदन कुमार, मानिकपुर एसडीएम राम सकल मौर्य, राजापुर एसडीएम सीपी उपाध्याय आदि मौजूद रहे।