मऊ(चित्रकूट)। थाना अंतर्गत सुरौंधा गांव के पास झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चालक को झपकी आने पर इनोवा कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में इनोवा में बैठे आठ लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने मऊ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
ललितपुर जिले के तालवहेट कस्बा निवासी केशपाल मां की अस्थियां विसर्जित करने के लिए शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्यों के साथ इनोवा कार से प्रयागराज जा रहे थे। सुबह करीब छह बजे वह सुरौंधा गांव के पास पहुंचे ही थे, तभी चालक को झपकी आ गई और इनोवा हाईवे किनारे लगे एक पेड़ से टकरा गई।
हादसे में फूल सिंह (45) पुत्र सूरज, अंशुल (10) पुत्र केशपाल, भान सिंह (50) पुत्र भागवत, सुक्कू (60), मनोज (35) पुत्र सहुलाल, प्रकाश (40) पुत्र बक्कू, अंकित (20) पुत्र मुकेश, केशपाल (52) पुत्र आनंदी घायल हो गए।
लोगों की चीख-पुकार सुन ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पीआरवी पुलिस के जवानों ने मौके पर पहुुंचकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया।