राजापुर (चित्रकूट)। रामनगर में नहर में नहाते समय 11 वर्षीय बालक नितेश की डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ नहर में गया था, जहां पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया।
दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके।
बच्चों ने दौड़कर परिजनों को सूचना दी। जानकारी पाकर रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधा घंटे बाद नितेश को नहर से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उपनिरीक्षक रमेश तिवारी ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। नितेश के पिता कृपा शंकर उर्फ लाला निषाद ने बताया कि नितेश कक्षा छह का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार था। एसडीएम फूलचंद यादव ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आर्थिक सहायता की कार्रवाई की जाएगी।