संवाद न्यूज एजेंसी
औद्योगिक क्षेत्र मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर बरगढ़ में स्थित
उद्यमी बोले-मुख्यालय के पास होने से मिल सकेंगी बेहतर सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। जिले में सौर ऊर्जा संयंत्रों सहित विभिन्न उद्योगों के लिए अब तक पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आ चुका है लेकिन जिला मुख्यालय में अब तक एक भी औद्योगिक क्षेत्र विकसित नहीं हो सका है। इस अभाव में उद्योग बंधु और निवेशक दोनों ही परेशान हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जिला मुख्यालय में एक सुविधायुक्त औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाए तो जिले में निवेश की संभावनाएं और भी बढ़ सकती हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
वर्तमान में जिले का एकमात्र औद्योगिक क्षेत्र मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर बरगढ़ में स्थित है। इतनी अधिक दूरी के कारण कई निवेशक यहां उद्योग स्थापित करने से कतरा रहे हैं। उद्योग जगत का कहना है कि जिला मुख्यालय में औद्योगिक क्षेत्र होने से उद्योगों को बेहतर कनेक्टिविटी, प्रशासनिक सहूलियतें और आवश्यक आधारभूत ढांचा मिल सकेगा, जो उनके संचालन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अधिकारियों के अनुसार, जिला मुख्यालय में एक औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए लगभग 20 एकड़ भूमि और करीब 10 करोड़ रुपये के बजट की आवश्यकता होगी। सहायक आयुक्त उद्योग अजय प्रसाद ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के विकसित होने से जिले में निवेश को और अधिक बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उद्योग बंधुओं की प्रमुख मांग है कि बढ़ते निवेश को देखते हुए जिला मुख्यालय में शीघ्र औद्योगिक क्षेत्र के विकास की पहल की जाए, ताकि जिले का औद्योगिक विकास सही मायने में गति पकड़ सके।