चित्रकूट। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी पर अभद्र टिप्पणी कर वीडियो वायरल करने वाले स्वयंसेवी संस्था के दो पदाधिकारियों के खिलाफ रैपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर चल रहे लॉकडाउन के दौरान कुछ गांवों में इन लोगों ने वीडियो बनाया और इसे यू ट्यूब पर वीडियो अपलोड किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रैपुरा थाना क्षेत्र के रामपुर समेत आसपास के गांव में इन दिनों कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए सरकारी व निजी संस्थाओं द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा के रामपुर बूथ अध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि स्वयंसेवी संस्था के दो पदाधिकारी मीरा भारती और मोहित पटेल निवासी रामपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ जनता के बीच गलत प्रचार कर भ्रम फैला रहे हैं। कोरोना से लेकर अन्य सरकारी योजनाओं में भी भ्रम की स्थिति बनाकर इसका वीडियो बनाया और यू ट्यूब पर अपलोड कर दिया। इसकी जानकारी होने पर रैपुरा थाने में दोनों के खिलाफ शिकायत की गई। थानाप्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि वीडियो देखने व सुनने के बाद संबंधित आरोपी पदाधिकारियों से बात की गई। इसके बाद एनजीओ के दोनों पदाधिकारियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू की गई है। उधर आरोपी संस्था के दोनों पदाधिकारियों ने आरोपों को गलत बताया है।