कोतवाली क्षेत्र के कर्वी माफी गांव के मजरे चमड़ा मंडी में शनिवार को खड़ी
कार में अचानक विस्फोट हो गया। इससे दो बच्चे जख्मी हो गए। एक बच्चे की
दोनों हथेलियां बुरी तरह झुलस गई हैं। धमाका होते ही इलाके में सनसनी फैल
गई। मौके पर पहुंचे आला अफसरों ने जांच पड़ताल की। धमाके की वजह कार में
सुतली बम होना बताया जा रहा है।
कर्वी माफी के चमड़ा मंडी स्थित
रामबाबू यादव के हाते में पुरानी कार खड़ी है। इसी परिसर में कुछ लोग किराए
पर रहते हैं। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे परिसर में रह रहे बांदा जिले के
गिरवां मंसूरी खखरेरी के मूल निवासी कमलेश पांडे का बेटा अंकित पांडे (14)
और गोंडा जिले के मुजहरा के मूल निवासी कल्लू उर्फ प्रकाश यादव का बूेटा
नितिन (3) खेलते हुए कार के पास पहुंचे।
इन बच्चों ने कार में रखी एक बोरी
को हाथ लगाया। तभी अचानक धमाका हो गया। दोनों बच्चे बुरी तरह घायल हो गए।
अंकित की दोनों कलाइयां झुलस गई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल
की। बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने स्थिति गंभीर
देख इलाहाबाद रिफर कर दिया।
सूचना पाते ही जिलाधिकारी नीलम अहलावत, एसपी
केशव कुमार चौधरी मयफोर्स मौके पर पहुंचे। डाग स्क्वायड और बमनिरोधक दस्ते
ने भी पड़ताल की। एसपी ने बताया कि कार से कुछ बरामद नहीं हुआ है। बच्चे
कार के टूटे शीशे से अंदर घुसकर खेल रहे थे। ऐसा लगता है कि किसी ने इसमें
देशी सुतली बम छुपाकर रखा था। बच्चों के छूने पर विस्फोट हो गया।