मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के चित्रवार गांव में जेठानी-देवरानी के बीच घरेलू बातों को लेकर झगड़ा हो गया। वहां पहुंचे जेठ ने अपनी पत्नी को डांटा। इससे आहत महिला ने पुराने घर में जाकर गुरुवार की शाम फंदा लगाकर जान दे दी। कुछ देर बाद परिजनों को जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी।
थाना क्षेत्र के चित्रवार के कुंहारन का डेरा निवासी इंद्रेश पाल ने बताया कि बड़ी भाभी रामप्यारी (35) का किसी बात को लेकर गुरुवार की शाम छोटी भाभी क्षमा देवी से विवाद हो रहा था। इसी बीच बड़े भाई मनीशंकर पहुंचे और दोनों को लड़ाई करने से मना किया, लेकिन कोई नहीं माना। इस पर भाई ने डांटते हुए अपनी पत्नी रामप्यारी को थप्पड़ मार दिया। इससे आहत भाभी पुराने घर चली गईं और साड़ी से फंदा लगा लिया। वह नए घर नहीं लौटीं तो पुराने घर गए तो देखा कि भाभी का शव फंदे से लटक रहा था।
बताया कि घर के दरवाजे पर ताला बंद था। वह बाउंड्री कूदकर अंदर गई थीं। उनके दो पुत्र शिवम, अंशू और एक बेटी शिवानी है। शनिवार को थाना प्रभारी दुर्गविजय सिंह ने बताया कि परिजनों ने डांट से क्षुब्ध होकर फंदा लगाने की जानकारी दी है। अन्य कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।