चित्रकूट। जिले में रविवार को सुबह तेज धूप व उमसभरी गर्मी से लोग जूझते रहे। शाम को अचानक मौसम बदला। आकाश में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम बदलने से किसान चिंतित भी नजर आए। शाम को आंधी से कई दुकानों के टिन- टप्पर उड़ गए। तापमान अधिकतम 39 व न्यूनतम 24 डिग्री रहा।
बारिश के आसार से किसान चिंतित नजर आए। किसान रेवतीरमण त्रिपाठी व देवेंद्र सिंह ने बताया कि अभी भी बहुत किसानों की कटी फसल की मड़ाई नहीं हुई और सब खुले आसमान के नीचे रखी है। मड़ाई का कार्य चल रहा है। यदि बारिश हुई तो समस्या होगी।
तीन दिनों तक बादल के आसार
कृषि विज्ञान केंद्र गनीवां के कृषि वैज्ञानिक अंकुर त्रिपाठी ने बताया कि जिले में तीन दिनों तक बदली छाने व बूंदाबांदी होने के साथ-साथ तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम को देखते हुए किसान कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान में रख लें। मवेशियों को खुले स्थान पर नहीं बांधे।
पेटदर्द से पीड़ित महिला की मौत
उमस भरी गर्मी पड़ने से जिला अस्पताल सहित सामुदायिक अस्पताल में पेटदर्द व बुखार से पीड़ित मरीज भर्ती हो रहे हैं। रविवार को पेट दर्द से पीड़ित भरतकूप क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी गोल्हारी देवी (65) की जिला अस्पताल में मौत हो गई। बेटे सुनील ने बताया कि दो दिन से पेटदर्द व उल्टी होने की शिकायत पर भरतकूप में इलाज कराया गया था, लेकिन कोई लाभ नहीं होने पर जिला अस्पताल लाए थे।