भरतकूप के जंगल में एसपी केके चौधरी के साथ कांबिंग करती पुलिस टीम
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस का दावा है कि एक अपहरण कांड में डकैत शिवा तो दूसरे में डकैत गौरी यादव गैंग का हाथ हो सकता है। अपहृतों के परिजन पुलिस की मदद नहीं कर रहे जिससे मामला संदिग्ध होता जा रहा है।सीतापुर चौकी क्षेत्र के बउनापुरवा गांव से किसान राममिलन पटेल का डकैत शिवा पटेल गैंग ने अपहरण कर लिया और नयागांव थाना क्षेत्र के सेजवार के पास से डकैतों ने किसान भैरोंदीन पटेल को अगवा कर फिरौती मांगी है।
रविवार को पुलिस अधीक्षक केके चौधरी, सीओ राजेश तिवारी, पहाड़ी थानाध्यक्ष केपी दुबे, मानिकपुर थानाध्यक्ष मनीष जाट,बहिलपुरवा थानाध्यक्ष आरएस द्विवेदी और मारकुंडी थानाध्यक्ष साजिद खान की टीमों ने दिनभर भरतकूप,सीतापुर से लेकर देवागंना और पाठा क्षेत्र के जंगलों में कांबिंग की। उधर, सतना अपर एसपी रामेश्वर प्रसाद यादव ने नयागांव थाना प्रभारी राघवेंद्र द्विवेदी के साथ कांबिंग की। दोनों अपहरण मामले में परिजन पुलिस को कुछ जानकारी नहीं दे रहे हैं।
सीओ सिटी ने बताया कि पुलिस बउनापुरवा पहुंची तो अपहृत के परिजन फिरौती से लेकर अपहरण मामले में कुछ नहीं बता रहे। यह तय है कि डकैत शिवा पटेल गैंग का इस क्षेत्र में मूवमेंट रहता है। सूत्रों के मुताबिक अपहृत के इस गैंग से भी संबध हो सकते हैं। जिससे परिजन कुछ छिपा रहे हैं। उधर सतना एएसपी ने बताया कि अपहृत का कुछ पता नहीं चल पाया है। जिस अंदाज में अपहरण की घटना बताई गई है उससे लगता है कि डकैत शिवा नहीं बल्कि डकैत गौरी यादव गैंग ने राजा यादव गैंग के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस अपहृत की तलाश में जुटी है।