चित्रकूट। जिले के परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ाने के लिए निजी स्कूलों के छात्र-छात्राओं को पंजीकृत कर लिया गया। ऐसे छात्र-छात्राएं पढ़ते तो निजी स्कूलों पर सुविधाएं भी सरकारी ले रहे हैं। जिसको लेकर ऐसे में सवाल उठाए जा रहे है। इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर कार्रवाई की जाए। जिले में स्कूल चलो अभियान इस समय चल रहा है। सामने आया है कि कई स्कूलों में छात्र-छात्राओं की संख्या का कोरम पूरा करने के लिए शिक्षक कागजी खानापूर्ति करने में भी लगे हुए हैं। चित्रकूट जिले के 1261 स्कूलों में छात्र-छात्राओं का कुल नामांकन एक लाख 12 हजार 179 है। जिसमें 1198 ऐसे छात्रों के नाम मिले जो परिषदीय स्कूलों में नहीं पढ़ते हैं। माकपा के जिला सचिव रुद्र प्रसाद मिश्र ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर कार्रवाई कराई जाए।
बीएसए लव प्रकाश ने बताया कि इस जांच के संबंध में उनको अभी कोई अधिकृत पत्र नहीं मिला है। वैसे ऐसे मामले की पहले से जांच जारी है। जांच में जो छात्र फर्जी पाए जा रहे हैं उनके नाम सूची से हटाने का कार्य चल रहा है। इसकी जांच के बाद दोषियों पर उचित कार्रवाई होगी।