खोही(चित्रकूट)। चित्रकूट से मैहर तक हवाई सफर के खूब दावे किए गए मगर सारे दावे उड़ान भरने से पहले ही धड़ाम हो गए। वजह, एक तो मप्र सरकार से चित्रकूट को एनओसी नहीं मिली तो दूसरे खराब मौसम। पिछले तीन दिन से चित्रकूट और मैहर आने जाने के लिए श्रद्धालु भी नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में हवाई सेवा शुरू नहीं हो सकी, हालांकि एनओसी मिलने पर इस सेवा के चालू होने की उम्मीद है।
दीनदयाल शोध संस्थान के आरोग्यधाम परिसर में बने हेलीपैड से 20 नवंबर से हेलीकाप्टर की सेवा शुरू होनी थी। मेसर्स जेट सर्विस एविएशन प्राइवेट लिमिटेड ने हेलीकॉप्टर सेवा प्रारंभ करने के लिए जिला प्रशासन से सहयोग मांगा है। यह सेवा सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत निज ऑपरेटर के सहयोग से चलेगी। मैहर और चित्रकूट में हेलीकॉप्टर सेवा शुरुआती दौर में सप्ताह के दो दिन सोमवार और मंगलवार को उपलब्ध होगी। इसके हेलीकॉप्टर कंपनी के जीतेंद्र राय ने बताया चित्रकूट से मैहर हेलीपैड स्थल के लिए मप्र सरकार की लिखित एनओसी नहीं मिली है। इससे इस उड़ान में कुछ देरी हो रही है। इसकी प्रक्रिया चल रही है।
दीनदयाल शोध संस्थान के महा प्रबंधक अनिल जायसवाल ने बताया कि अभी इस हेलीकाप्टर सेवा के लिए लिखित एनओसी नहीं मिली है। कोई लिखित निर्देश भी नहीं आए हैं। जेट सर्विस की ओर से जरूर 20 से यह यात्रा शुरू होने की बात बताई गई थी। अभी मौसम भी खराब है आगे की जानकारी की जा रही है।