चित्रकूट। नगर क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को छात्राओं से मसाज कराने के आरोप में निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई एक वीडियो वायरल होने के बाद की गई। वीडियो में प्रधानाध्यापिका छात्राओं से अपने हाथ-पैर दबवाती दिख रही थीं।
वायरल वीडियो में प्रधानाध्यापिका मधु राय जमीन पर लेटी हुई थीं। वह कुछ देख रही थीं। इसी दौरान कुछ छात्राएं उनके पैर व हाथ दबा रही थीं। यह वीडियो नया बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। कई वीडियो वायरल होने से यह संकेत मिलता है कि यह गतिविधि लंबे समय से चल रही थी। किसी ने चुपके से यह वीडियो बनाकर सामाजिक माध्यमों पर साझा कर दिया था।
वीडियो सामने आते ही बेसिक शिक्षा अधिकारी बीके शर्मा ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने तुरंत नगर शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार दीक्षित को जांच के लिए भेजा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए ने प्रधानाध्यापिका मधु राय को तत्काल निलंबित कर दिया। उनके खिलाफ विभागीय जांच और आगे की कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए हैं।