मानिकपुर (चित्रकूट)। मूसलाधार बारिश से मुंबई-हावड़ा रेलखंड के मानिकपुर-सतना मार्ग पर जलभराव हो गया था। शनिवार को रेल अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और मरम्मत कार्य शुरू कराया।
मारकुंडी से खुटवा के बीच जलभराव के कारण रेल यातायात करीब चार घंटे प्रभावित रहा। पानी के तेज बहाव से पटरी किनारे मिट्टी का कटाव हुआ और गिट्टी बह गई थी। इस कारण 20 मालगाड़ियों और 40 यात्री ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ। रेलवे ने पटरी की सुरक्षा का काम तेज कर दिया है। शनिवार को पटरियों के आसपास गिट्टी डालकर पटरी मजबूत की गई। पीडब्ल्यूआई वरुण कुमार ने बताया कि मझगवां से मारकुंडी तक मालगाड़ी से गिट्टी डाली जा रही है। कटाव वाले स्थानों पर बालू की बोरियां लगाकर किनारे सुरक्षित किए गए हैं। अधिकारी मानसून में पटरी की लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि यातायात बाधित न हो। (संवाद)