चित्रकूट। राजापुर हटवा मार्ग पर स्थित गुंता नदी पर बने पुल की मरम्मत के लिए शासन द्वारा 75 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े इस महत्वपूर्ण पुल के ठीक होने से क्षेत्र के करीब 25 गांवों की लगभग 40 हजार की आबादी को आवागमन में सुविधा होगी। ई-टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे जल्द ही मरम्मत कार्य प्रारंभ हो सकेगा।
गुंता नदी पर बना यह पुल शिवलहा का पुरवा, बरुवा, भदौरा, सिरावल, टिकरा, हन्ना, सुहेल सहित 25 गांवों को राजापुर और मऊ तहसीलों से जोड़ता है। पुल की खस्ताहाल स्थिति के कारण स्थानीय निवासियों को प्रतिदिन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के मौसम में पुल में बने गड्ढों में बाइक सवारों और चार पहिया वाहनों के गिरने से कई हादसे हो चुके थे, जिससे यह पुल हादसों का पुल बनता जा रहा था।
स्थानीय निवासी रामसेवक, बालगोविंद, रूप सिंह और विनय प्रताप ने बताया कि पुल की मरम्मत के लिए उन्होंने कई बार स्थानीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई थी लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया था। शासन से बजट पास होने की खबर मिलने के बाद लोगों में खुशी की लहर है। अब वे बिना किसी भय के अपने गांवों से तहसील क्षेत्र तक आ-जा सकेंगे।
उधर, लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड के सहायक अभियंता नीरज सक्सेना ने बताया कि शासन से 75 लाख रुपये का बजट मंजूर हो गया है। ई-टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही पुल की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।