चित्रकूट। सड़क हादसे में घायल गल्ला व्यापारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस पर व्यापारियों ने घर पहुंचकर शोक जताया है।
शहर के स्टेशन रोड गांधी गंज निवासी सचिन ने बताया कि पिता राजकिशोर केसरवानी (74) बुधवार की रात करीब आठ बजे गल्ला मंडी से दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। ओवरब्रिज पर पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गिरकर बेहोश हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराकर परिजनों को सूचना दी। हालत गंभीर होने पर मेडिकल काॅलेज बांदा रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर लखनऊ रेफर कर दिया। वहां डाॅक्टर ने जवाब दे दिया। गुरुवार को उन्हें घर लेकर आए। शुक्रवार की सुबह उनकी मौत हो गई।
कोतवाल उपेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। व्यापारी की मौत होने की जानकारी होने पर उप्र उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, गल्ला आढ़ती शिवमंगल सिंह, श्यामलाल सिंह, आनंद गोयल, ओमप्रकाश अग्रवाल, ब्रजकिशोर शिवहरे, गुलाब गुप्ता, डीसीबी अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, डॉ. सुरेंद्र अग्रवाल, अजय अग्रवाल, महेंद्र केसरवानी, देवेंद्र केसरवानी, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, शानू गुप्ता आदि ने उनके आवास पर जाकर परिजनों को ढांढ़स बंधाया।