मऊ (चित्रकूट)। डीएम शेषमणि पांडेय व एसपी अंकित मित्तल ने मंगलवार को तहसील सभागार मऊ में संपूर्ण समाधान दिवस पर शिकायतों का निस्तारण कराया। खासकर क्षेत्र में अन्ना मवेशी व पेयजल की समस्याओं का समाधान कराने को डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्राथमिकता से काम करने को कहा।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित व इस बार की संपूर्ण समाधान दिवस की समस्याओं का एक सप्ताह में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि समस्याओं की समीक्षा शासन स्तर से की जा रही है। ग्रामों के नोडल अधिकारी गोशालाओं का निरीक्षण अवश्य करें। जिला स्तरीय अधिकारी विभागीय कार्यों के साथ गौशालाओं का निरीक्षण कर रिपोर्ट दें। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए विकास खण्ड रामनगर व मऊ में सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन निर्माण की समीक्षा बैठक कर कार्य कराए जाएं। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी मऊ को निर्देश दिए कि जितने भी मामले जमीन पैमाइश के हैं, उन्हें 15 दिन में पूरा किया जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।