चित्रकूट के पहाड़ी थाना क्षेत्र के सिकरी सानी गांव के पास शनिवार की सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गोप्पा गैंग के एक डाकू को गिरफ्तार किया है। डाकू के जांघ में गोली लगी, जिससे उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। डाकू पर हत्या, अपहरण, फिरौती व मारपीट कर धमकी देने समेत एक दर्जन मामले दर्ज हैं। एसपी अंकित मित्तल ने बताया कि थाना पुलिस ने सुबह 11 बजे गोप्पा गैंग के डाकू झल्लर उर्फ शिवभवन को दबोचने के लिए सिकरी सानी गांव के पास घेराबंदी की।
थाना प्रभारी अवधेेश मिश्रा संग पुलिस फोर्स उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े, तभी उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायर किए, जिससे डाकू मौके पर ही गिर गया। पुलिस ने फौरन उसे दबोच लिया। एसपी ने बताया कि पकड़ा गया डाकू झल्लर गोप्पा गैंग का हार्डकोर सदस्य रहा है।
उसे पहले पहाड़ी सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में पुलिस सुरक्षा के बीच इलाज चल रहा है। बताया कि डाकू को पकड़ने वाली टीम में दरोगा प्रवीण सिंह, राजेश यादव, प्रभुनाथ यादव, शिवमणि मिश्रा, सिपाही प्रमोद यादव, दीपक विश्वकर्मा व अनिल कुमार शामिल रहे।