चित्रकूट। डीएम शेषमणि पांडेय और एसपी अंकित मित्तल ने शनिवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरक, पाकशाला, पृथक वास, अस्पताल व महिला बैरक आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जेल अधीक्षक प्रकाश त्रिपाठी को निर्देश दिए कि कैदियों को ठंड बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही मानक के अनुरूप भोजन व अन्य सुविधाएं दी जाएं। जेल अधीक्षक ने कैदियों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों की व्यवस्था कराने की मांग की है।
जेल के निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी की मौजूदगी में कैदियों की तलाशी भी ली गई, लेकिन उनके पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। जेल अधीक्षक को सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। जेल अधीक्षक ने कहा कि दो शिक्षकों की व्यवस्था करा दी जाए। ताकि पठन-पाठन का कार्य सुचारु रूप से संचालित कराया जा सके। डीएम ने बीएसए को निर्देश दिए कि तत्काल यहां पर दो शिक्षकों की नियुक्ति कर अवगत कराएं।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाओं की उपलब्धता आदि की जानकारी की। डॉक्टरों की आवश्यकता पर सीएमओ को टीम बनाकर डॉक्टरों को भेजने के निर्देश दिए। जेल अधीक्षक को निर्देश दिए सीसीटीवी कैमरे लगातार चलते रहे। एसडीएम राम प्रकाश, सीओ रजनीश कुमार यादव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली वीरेंद्र त्रिपाठी, जेलर महेंद्र पाल, डिप्टी जेलर अरविंद कुमार व पीयूष पांडेय मौजूद रहे।