चित्रकूट। मारकुंडी थाना क्षेत्र के सतना सड़क पर कार की टक्कर से घायल नौ वर्षीय बच्ची प्रियांशु देवी की बृहस्पतिवार रात मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्ची को एक विधायक के काफिले की कार ने टक्कर मारी, लेकिन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
छेरिया खुर्द के मंदिर टोला निवासी भोला प्रसाद ने बताया कि उनकी नातिन प्रियांशु अपनी मां आरती देवी और बहनों के साथ जरवा स्थित नए घर जा रही थी। सड़क पार करते समय मानिकपुर की ओर से आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले सीएचसी, फिर सतना और रीवा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि जब राहुल, हरीराम, अनूप और अमित ने टक्कर मारने वाली कार का पीछा कर वीडियो बनाया, तो कार सवारों ने उन्हें पीटा और मोबाइल छीनकर तोड़ दिए। उन्होंने पुलिस पर प्रार्थना पत्र में अज्ञात के नाम लिखने का आरोप लगाया, जबकि उनके अनुसार वह विधायक के काफिले की कार थी। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ में एक बोलेरो का नाम सामने आया है। उन्होंने विधायक के काफिले से दुर्घटना होने और तहरीर बदलवाने के आरोपों को गलत बताया।