अमरोहा के काफूरपुर रेलवे लाइन पर हादसे के बाद शव का मुआयना करती पुलिस
- फोटो : amar ujala
चलती ट्रेन से उतर रहे एक युवक का पैर फिसल गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जेब से मिले कागजातों की मदद से उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है।
ददरी छिवकी निवासी अमित कुमार (20) पुत्र सत्यनारायण तीन माह से बिलासपुर में रहकर मजदूरी करता था। जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात को वह नवतनवा एक्सप्रेस से गांव लौट रहा था। जैसे ही ट्रेन छिवकी स्टेशन के पास पहुंची तो गति धीमी हो गई।
इस स्टेशन पर ट्रेन का स्टापेज नहीं है। जिसकारण अमित ने चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास किया और अचानक उसका पैर फिसल गया। जिससे वह ट्रेन के नीचे आ गया। यह देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्री चिल्लाकर युवक को बचाने दौड़े लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
कुछ यात्रियों ने चालक से भी ट्रेन रोकने को कहा, पर ट्रेन रुकने से पहले ही अमित की मौत हो गई। जीआरपी थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने बताया कि युवक की शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतक दो भाई व दो बहनों में सबसे छोटा था।