भौंरी(चित्रकूट)। रैपुरा थाना अंतर्गत बसिला गांव के अतरौली में शुक्रवार की दोपहर कूड़े के ढेर से निकली चिंगारी ने तबाही मचा दी। देखते ही देखते 24 घर बर्बाद हो गए। सूचना मिलते ही डीएम, एसपी समेत प्रशासनिक अमला पुरवा पहुंचा। फायर ब्रिगेड की नौ गाड़ियों ने चार घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में लगभग 75 लाख से अधिक रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पांच मवेशी भी झुलसकर मरे।
अतरौली गांव के शुक्लापुरवा में शुक्रवार की दोपहर लगभग 12 बजे ज्यादातर लोग घरों में ही थे। इसी बीच पुरवा में कूड़े के ढेर से निकली चिंगारी हवा चलने से मंगल रैदास के घर तक पहुुंच गई। जिसके कच्चे घर में आग लग गई। मंगल के परिजन चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागे, उधर आग विकराल रूप धारण कर लिया और धीरे धीरे अन्य घरों को चपेट में ले लिया। परिजन जान बचाकर भागने लगे। सूचना रैपुरा थाने में दी गई। इस पर फायर ब्रिगेड की नौ गाड़ियां पहुंच गईं। घर में रखी गृहस्थी जल गई। पांच बकरी व छोटे अन्य मवेशी की मौत हो गई। फायर ब्रिगेड के जवानों ने ग्रामीणों की मदद से गांव में लगे नलकूप के माध्यम से आग को बुझाया गया।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला, एसपी अतुल शर्मा, एसडीएम प्रमेश कुमार श्रीवास्तव, मानिकपुर तहसीलदार, रैपुरा थानाध्क्ष नागेंद्र नागर सहित राजस्व की टीम भी पहुंच गई। राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आंकलन कर रही है। तहसीलदार के अनुसार कुल 24 घर आग से प्रभावित हुए हैं। इन घर के लोगों के लिए रहने व खाने का इंतजाम प्रशासन ने किया है। अधिकारियों ने पीड़ितों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
अग्नि पीड़ितों की सूची
मानिकपुर एसडीएम प्रमेश श्रीवास्तव ने बताया कि सतरूपा पत्नी कमलेश, गोलिनिया पत्नी शिवचरन, शिवचरण पुत्र रामसुमेर, शिवभवन पुत्र रामसुमेर, कुसमकली पत्नी विजय, सुमन पत्नी राजकुमार, सुमैना पत्नी संतोष कुमार, मुन्नी पत्नी श्रवण, माया पत्नी मेडीलाल, जागेश्वर पुत्र मंगलिया, रामेश्वर पुत्र मंगलिया, हीरालाल पुत्र रामहित, वृंदावन पुत्र रामहित, मीरा पत्नी रामहित, रामभुलानी पुत्र कुशल, केशराज पुत्र कुशल, राजेश पुत्र प्रीतम, देवीदयाल पुत्र शिवमोहन, शिवकुुमारी पत्नी प्रीतम, हेमराज पुत्र दादूलाल, लखन पुत्र शिवदर्शन, केतकी पत्नी विनोद, प्रेमादेवी पत्नी बोदन सहित मंगल रैदास आदि के घर में आग लगी है।