चित्रकूट। रैपुरा पुलिस ने तीन बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की है। इसके अलावा पुलिस ने गैंग का नाम भी पंजीकृत कर दिया है। तीनों हत्या के आरोप में जेल में हैं। पुलिस अब अपराध से अर्जित की गई संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई करेगी।
थाना प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि सदर कोतवाली क्षेत्र के चितरा गोकुलपुर निवासी आशीष पटेल उर्फ दस्सा पटेल शातिर किस्म का अपराधी है। वह साथी बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के बरौनी तीर पाठा निवासी विनय कुमार और ददरी माफी चौखड़ा निवासी प्रिंस पटेल के साथ फिरौती एवं अपहरण करता है। फिरौती की रकम न मिलने पर हत्या सहित अन्य अपराध करते हैं। इससे क्षेत्रीय लोगों में भय है। इनके डर से कोई गवाही नहीं देता है।
बताया कि इनके खिलाफ डी-9 नाम से गैंग पंजीकृत है। इसका गैंग लीडर आशीष पटेल उर्फ दस्सा पटेल है। बताया कि तीनों के खिलाफ डीएम से अनुमोदन मिलने के बाद कार्रवाई की गई है।बताया कि तीनों बदमाशों ने जनवरी 2024 में सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक का अपहरण कर लिया था। फिरौती के रुपये न मिलने पर हत्या कर शव देवागंना घाटी में फेंक दिया था। विजय और प्रिंस को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गैंग लीडर आशीष फरार था। करीब दो माह पहले पुलिस ने उसे भी जेल भेजा है।