फोटो 16 सीकेटीपी 06 सामूहिक दुष्कर्म में गिरफ्तार किए गए आरोपी। संवाद
फोटो 16 सीकेटीपी 06 सामूहिक दुष्कर्म में गिरफ्तार किए गए आरोपी। संवाद
- दो अन्य की तलाश में पुलिस टीम दे रही है दबिश
संवाद न्यूज एजेंसी
चित्रकूट। मानिकपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से हुए सामूहिक दुष्कर्म का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य अभी भी फरार हैं। जांच के दौरान पीड़िता के प्रेमी को भी नाबालिग से शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 13 जुलाई को वह अपने परिचित जिन्नू कोल के साथ जंगल की ओर गई थी। वहां मौजूद तीन युवकों ने उन्हें रोका। युवकों ने जिन्नू के हाथ दुपट्टे से बांध दिए और हथियार के बल पर पीड़िता से दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को कर्वी छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में एसओजी और मानिकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को जिन्नू कोल और अखिलेश उर्फ जरैला को गिरफ्तार किया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पीड़िता के नाबालिग होने के कारण जिन्नू कोल को पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तार आरोपी अखिलेश उर्फ जरैला ने दो अन्य आरोपियों अखिलेश उर्फ पटेल और लल्लू उर्फ लाला के भी शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस की टीमें दोनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।