चित्रकूट। भरतकूप थाना क्षेत्र के भारतपुर के पास शुक्रवार देर शाम अनियंत्रित बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में दो किशोर समेत चार युवक घायल हो गए। जिला अस्पताल में किशोर ने दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य की नाजुक हालत देख डॉक्टर ने प्रयागराज रेफर किया। एक घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक बाइक पर चार लोग सवार थे। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
हरिहरपुर निवासी संजय कुशवाहा (25), रमेश (21), रवि कुमार उर्फ बट्टू (16) और कृष्ण कुमार (15) एक ही बाइक से भरतकूप बाजार की ओर जा रहे थे। संजय बाइक चला रहा था। रास्ते में भारतपुर के पास तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि चारों युवक उछल कर दूर जा गिरे।
पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान कृष्ण कुमार (15) ने दम तोड़ दिया। वहीं, संजय और रवि की हालत नाजुक होने पर प्रयागराज भेज दिया गया है। कृष्ण कुमार एक निजी स्कूल में कक्षा 10 का छात्र था। पिता किसानी के साथ प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं।
कृष्ण का एक भाई प्रियांशु है। इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जांच में यह बात सामने आई है कि बाइक पर चार लोगों के सवार होने के कारण चालक का नियंत्रण खो गया, जिससे यह दुर्घटना हुई। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना के समय बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।