इलाहाबाद से चोरी की गईं बाइकों को मध्यप्रदेश में बेचने वाला वाहन चोर गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ा है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चार वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को पकड़ा है। जबकि सरगना समेत पांच भागने में सफल रहे। पुलिस ने पकड़े गए चोरों के पास से चोरी की नौ बाइकें बरामद की हैं।
सोमवार रात को कोतवाल रनवीर सिंह व सीतापुर चौकी प्रभारी नीरज यादव हमराहियों के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच बाइक से सतना मध्यप्रदेश की ओर जा रहे कुछ युवकों को पुलिस ने रोका तो सभी भागने लगे।
पुलिस ने दौड़कर बबली पटेल पुत्र रामविलास निवासी पौशलहा कर्वी, सागर पटेल पुत्र अवधेश निवासी रैपुरा, लल्लू पुत्र चुनबाद निवासी बालापुर व सुशील कुमार पुत्र बब्बू निवासी घुरेटनपुर को चोरी की चार बाइक के साथ पकड़ लिया। अन्य युवक बाइक छोड़कर भागने में सफल रहे। मौके से पुलिस ने कुल नौ बाइक बरामद की हैं।
एएसपी अशोक कुमार ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि भागने वाले वाहन चोरों की शिनाख्त हो चुकी है। भागे चोरों में सरगना कपिल पटेल, महेंद्र कुमार, शिवपूजन यादव, राजा पटेल व पंकज रैदास सभी निवासीगण रैपुरा हैं। इनकी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने बाइक चोर गैंग को पकड़ने वाली पुलिस टीम को पांच हजार का इनाम देने की घोषणा की।