डीएम को ज्ञापन देते जिले के सभी ब्लाक प्रमुख।
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार बढ़ाएं जाने की मांग को लेकर जिले के सभी पांच ब्लाक प्रमुखों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम मोनिका रानी को सौंपा। जिसमें कहा गया है कि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो सभी ब्लाक प्रमुख एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य सामूहिक रूप से इस्तीफा देंगे।
शुक्रवार को सदर ब्लाक परिसर में जिले के ब्लाक प्रमुख व बीडीसी की बैठक हुई। जिसमें मऊ के ब्लाक प्रमुख शिवाकांत मिश्रा उर्फ बलुआ को जिला ब्लाक संघ का जिलाध्यक्ष चुना गया। इसके बाद सभी ब्लाक प्रमुखों ने कैंप कार्यालय जाकर डीएम मोनिका रानी को ज्ञापन सौंपा।
जिसमें बताया कि 14 वें वित्त की धनराशि केवल ग्राम पंचायतों को दी जा रही है। उतनी ही धनराशि क्षेत्र पंचायत को भी दी जाए। क्षेत्र पंचायत के सदस्यों को मानदेय की व्यवस्था की जाए। वित्त एवं प्रशासनिक कार्य ब्लाक प्रमुख के अनुमोदन पर हो।
पंचायत अधिनियम 1961 में निहित धाराओें के तहत 32 विभाग क्षेत्र पंचायत के अधीन आते हैं। इन विभागों के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार ब्लाक प्रमुख को सौंपें जाए। विभिन्न विभागों से संचालित योजनाओं में भागेदारी का अधिकार दिया जाए जिससे गांव से संबंधित कार्यक्रमों का सही तरीके से क्रियान्वयन हो सके।
बताया कि ग्राम पंचायतों क े साथ अन्य विभाग मनरेगा योजना के तहत लाइन डिपार्टमेंट के रूप में कार्य कर रहे हैं। लेकिन क्षेत्र पंचायत से मनरेगा में कार्यदाई संस्था के रूप में कार्य नहीं कराया जाता है। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख कर्वी चन्द्र किशोर पटेल, रामनगर के बाल मुकुन्द पांडेय, पहाड़ी की रेखा यादव, मानिकपुर की सोनू कोल, रमेश चंद्र पटेल, देशराज यादव व मंगल यादव आदि मौजूद रहे।