चित्रकूट। शहर के ट्रैफिक चौराहे के पास शनिवार शाम को एक ई-रिक्शा चालक पर चार युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। उसे बचाने आए चार अन्य साथियों पर भी हमलावरों ने चाकू से वार कर दिया। पुलिस के आने से पहले ही हमलावर भाग निकले। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां से एक को प्रयागराज रेफर कर दिया गया।
लोढ़वारा गांव निवासी ई-रिक्शा चालक राकेश कुमार पुत्र चुन्नीलाल ने बताया कि चार युवक शंकर बाजार से ट्रैफिक चौराहे के लिए रिक्शा में बैठे थे। जैसे ही वह ट्रैफिक चौराहे के पास पहुंचा, तो रिक्शा में सवार युवकों ने एक गली के अंदर चलने को कहा। इस पर दोनों में बहस हो गई।
चालक ने बताया कि उसने चारों युवकों से गली के अंदर जाने के लिए दस रुपये प्रति सवारी देने को कहा, तो युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह लहुलुहान हो गया। यह देख राकेश को बचाने उसके साथी लोढ़वारा निवासी किशन पुत्र शंकर, विजय पुत्र राकेश व राजुल और अमित पुत्र रामगोपाल को भी हमलावरों ने चाकू मारकर घायल कर दिया।
एक घायल ने बताया कि सूचना देने के बाद भी कोतवाली पुलिस नहीं पहुंची। कुछ दूरी पर मौजूद यातायात विभाग के सिपाही जब तक मौके पर पहुंचे आरोपी भाग चुके थे। अन्य ई-रिक्शा चालकों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से किशन को गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर किया गया है। इस संबंध में कोतवाल अरुण पाठक ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।