मऊ तहसील क्षेत्र के गढ़वा गांव का ट्यूबवेल पांच वर्ष से बंद पड़ा है। यहां के कुएं व तालाब भी सूख चुके हैं। गांव में लगे तीन हैंडपंपों में भी साफ पानी नहीं आ रहा है। ऐसे में यहां के बाशिंदों को प्रदूषित पानी पीना पड़ रहा है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने प्रदूषित पानी के साथ डीएम को ज्ञापन देकर स्वच्छ पानी मुहैया कराने की गुहार लगाई।
ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि वह लोग अरसे से पानी की समस्या झेल रहे हैं। वर्ष 2011 से बंद पड़े ट्यूबवेल को दुरुस्त कराने के लिए तमाम बार संबंधित विभाग के अफसरों को अवगत कराया, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
कुएं व तालाब सूख चुके हैं। हैंडपंप का ही सहारा है, उनमें भी गंदा पानी आ रहा है। प्रदूषित पानी पीने से बीमारियां फैल रही हैं। इस समस्या से अविलंब निजात दिलाया जाए। ग्रामीणों ने मांग की है कि नए हैंडपंप लगवाने के साथ पुराने हैंडपंपों का रिबोर कराया जाए। इस दौरान गांव के केसरी पटेल, रामलाल, संतोष कुमार व दिनेश आदि मौजूद रहे।