चित्रकूट। अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां डाक्टरों ने एक घायल को गंभीर दशा के चलते प्रयागराज रेफर किया है।
मुख्यालय के ट्रैफिक चौराहा में बृहस्पतिवार की रात को सिविल लाइंस निवासी आकाश सोनी (30) पुत्र श्यामलाल सोनी ट्रक की चपेट में आने से घायल हो गया। चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर प्रयागराज रेफर कर दिया है। उधर सीतापुर चौकी पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक समेत ट्रक को पकड़ लिया है।
मुख्यालय के शंकर बाजार का राजेंद्र पुत्र जगतपाल बाइक से गल्ला मंडी स्थित आर्यावर्त बैंक जा रहा था। तभी सामने से आ रहे बाइक सवार की टक्कर से घायल होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। इसके अलावा कौशांबी जनपद के पश्चिम सरीरा थाना क्षेत्र के ग्राम धांसीपुर की कमला देवी (45) पत्नी लमुना प्रसाद अपने भाई राजेंद्र सिंह के साथ राजापुर से गांव जा रही थी। रास्ते में चलती बाइक से गिरकर घायल हो गई। अन्य हादसे में राजापुर थाना क्षेत्र के पराकों गांव के नन्हेराम (22) पुत्र शिवराम व छेछरिहा के शिवाकांत (15) पुत्र नारायण दत्त के घायल होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।