फोटो 25 सीकेटीपी-33- जला घर। संवाद
चित्रकूट। कोतवाली क्षेत्र के कालूपुर पाही गांव के मजरे मुस्लिमपुरवा में शनिवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने पांच परिवारों की पूरी गृहस्थी को राख में बदल दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही सब कुछ जलकर नष्ट हो गया।
क्षेत्र में शनिवार करीब डेढ़ बजे गुफरान पुत्र नसीरुद्दीन के घर में अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। उस समय घर में उनका 19 वर्षीय पुत्र इमरान मौजूद था। आग लगते ही उसने सामान निकालने की कोशिश की, इसी दौरान वह झुलस गया। उसके शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने विकराल रूप ले लिया। तेज लपटों ने गुफरान के भाइयों शरीफ, इमरान और अहसान के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया, वहीं रिश्तेदार शहीद पुत्र हनीफ का घर भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। देखते ही देखते पूरा मजरा आग के कहर में घिर गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची, लेकिन बड़ी गाड़ी संकरी गलियों में नहीं घुस सकी। छोटी गाड़ी के पहुंचने तक आग पूरे इलाके में फैल चुकी थी। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक पांचों परिवारों की गृहस्थी पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। अग्निपीड़ित परिवारों ने बताया कि घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन और जरूरी सामान सब कुछ जलकर राख हो गया। उनके पास अब सिर्फ बदन पर पहने कपड़े ही बचे हैं। इस हादसे में कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई, लेकिन पूरे परिवारों का जीवन-यापन संकट में आ गया है।