मानिकपुर के खिचरी ग्राम पंचायत में संक्रामक रोग से पांच लोगों की मौत के बाद रामनगर ब्लाक के रगौली गांव में खसरे से पांच बच्चों की मौत हो गई। वहीं एक दर्जन बच्चे बीमार हैं। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं रामनगर स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक स्वास्थ्य टीम के समय से इलाज करने और सिर्फ एक बच्चे की मौत की बात कह रहे हैं।
रामनगर ब्लाक के रगौली गांव में बीस दिन से खसरे का प्रकोप है। ग्रामीण नीरज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पंद्रह दिन के अंदर तिजिया देवी (14) पुत्री छेदीलाल, नथिया (8) पुत्री नरेशवा, पूजा (4) पुत्री समयलाल, जीतू (5) पुत्री नारायण, मुकेश (6) पुत्र बुद्धराज की बीमारी से मौत हो चुकी है। वहीं संदीप, अमन, राधा, रागिनी, उर्मिला, शकुंतला, पार्वती, मुकेश, प्रकाश, मनोज, गितवा, सुभाष और पूनम बीमार हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां आई थी लेकिन वह भी खानापूरी करके लौट गई। उधर, डॉ चिकित्साधीक्षक गिरीश पांडे ने बताया कि बारह दिन पहले गांव के बच्चों को खसरा हुआ था, जिसमें एक की मौत की बात सामने आई और एक बच्चा गंभीर रूप से बीमार मिला था। उन्होंने कहा कि वह बुधवार को गांव गए थे। वहां स्थिति सामान्य है। बीमारों का सैंपल लिया गया है।