राखी के त्योहार में परिवार ताला लगाकर झांसी चला गया। घर सूना पाकर चोरों ने ताला तोड़कर लगभग पांच लाख का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव राजकीय हाईस्कूल रानीपुर अतर्रा (बांदा) में सहायक अध्यापक हैं। वह एसडीएम कालोनी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि परिवार रक्षाबंधन में ससुराल झांसी गया था। वह भी 29 अगस्त को अतर्रा के पास पलरी गांव गए थे। 30 अगस्त की शाम उनके पड़ोसियों ने सूचना दी कि घर का ताला टूटा पड़ा है। घर पहुंचकर देखा तो पता चला कि चोर लगभग एक लाख की नगदी और चार लाख के जेवर, अन्य सामान ले गए हैं।
उधर, चोरी की सूचना के बाद कोतवाल रनवीर सिंह, सीओ श्रीपाल यादव और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट भी मौके पर पहुंचे। वहीं शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर एसपी केशव कुमार चौधरी ने कोतवाली पुलिस को निर्देश दिए हैं कि शाम को पांच बजे से सात बजे तक दोपहिया वाहनों की चेकिंग की जाए। पेट्रोलिंग की ड्यूटी लगाने की जिम्मेदारी सीओ को सौंपी गई है।