चित्रकूट में ताबडतोड़ फायरिंग के बाद स्थल पर मौजूद कोतवाली पुलिस टीम।
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट में शहर के जगदीशगंज मोहल्ले में कोतवाली के पीछे पुराने विवाद को लेकर पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। सूचना मिलते ही पहुंची कोतवाली पुलिस टीम ने तीन आरोपियों दबोच लिए जबकि चौथे आरोपी को दो घंटे बाद रिवाल्वर के साथ पकड़ लिया। पीड़ित परिजनोें ने पांच नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। फायरिंग से सभी दहशत में आ गए। सीओ सिटी व कोतवाल ने मामले की जांच शुरु की है। घटना के बाद मोहल्ले में पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
सुनील शुक्ला पुत्र राधेश्याम ने बताया कि घर के बाहर सड़क में सीसीटीवी कैमरा लगा है। मोहल्ले में कुछ लोग आपराधिक प्रवृति के हैं, इनका इतिहास थाने में दर्ज है। वे दो बजे दिन में सीसीटीवी कैमरे को उसके घर की ओर मोड़ रहे थे। उस समय वह दरवाजे पर बैठा था। विरोध करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारने के लिए दौड़ पड़े। हमलावरों ने घर में घुस उसे और उसके भाई को लात-घूसों से मारापीटा। अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देकर घर चले गए।
कुछ ही दूरी पर कोतवाली होने के कारण कोतवाल अनिल सिंह मयफोर्स पहुंचे और विवाद कर रहे। तीन युवकों को मौके पर पकड़ लिया। बताया गया कि फ ायरिंग करने वाले सामने वाले घर में ही रिवाल्वर लेकर घुस गया है। इसकी तलाश में दो घंटे तक पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। आखिर में उसे रिवाल्वर समेत पकड़ लिया गया। फायरिंग के कई निशान दीवार पर हैं। इसकी शाम को फारेंसिंक टीम ने जाकर जांच पड़ताल की।
इस मामले में कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि पांच नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर मिली है। सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल से मिले वीडियो को खंगाला जा रहा है। दोनों पक्ष से पूछताछ जारी है। इसके बाद मुख्य आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।