फोटो 12 सीकेटीपी-27 धू-धूकर जला मानिकपुर रेंज का पुराना कार्यालय। संवाद
मानिकपुर (चित्रकूट)। रानीपुर टाइगर रिज़र्व के मानिकपुर रेंज स्थित पुराने कार्यालय में रविवार रात करीब 12 बजे आग लग गई। फायर, पुलिस और वन विभाग की टीमों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।
आग इतनी भीषण थी कि इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय आवासीय कमरों में रहने वाले कर्मचारी और उनके परिजन गहरी नींद में थे। आग की लपटें देखकर लोगों में दहशत फैल गई और वे तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर टीम, पुलिस और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
बस स्टैंड के पास स्थित यह कार्यालय घनी आबादी के करीब होने के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती थी। दमकल कर्मियों और वन कर्मचारियों ने मिलकर लगातार प्रयास किया। क्षेत्रीय वनाधिकारी राजेश सोनकर ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पाए जाने से बड़ा नुकसान टल गया। उन्होंने यह भी बताया कि अगर हवा का रुख तेज होता तो आग आसपास के घरों और वाहनों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
फोटो 12 सीकेटीपी-27 धू-धूकर जला मानिकपुर रेंज का पुराना कार्यालय। संवाद