चित्रकूट। सदर कोतवाली क्षेत्र के तरौंहा मार्ग पर स्थित इंडियन बैंक की शाखा में मंगलवार की शाम को बिजली की शार्ट सर्किट से आग लग गई। गनीमत रही कि कर्मचारियों ने लोगों को बाहर निकालकर फायर सिलींडर की मदद से आग पर काबू पा लिया। इससे बड़ी घटना होने से बच गई। बैंक का अलार्म बजता रहा। कुछ देर के लिए कर्मचारियों व आसपास खलबली जरूर मची रही।
बैंक शाखा के अंदर ही बिजली का बाक्स लगा हुआ है। इसमें कट आउट, चेंजर सहित पूरी सप्लाई के बोर्ड लगे हुए हैं। पिछले दो दिनों से बैंक की बिजली व्यवस्था खराब थी। इस कारण बैंक में कार्य ठप थे। मंगलवार की सुबह इंजीनियर आया और बिजली को सही किया। शाम करीब पौने पांच बजे बिजली बाक्स में अचानक शार्ट सर्किट हो गई। इससे आग लग गई। धुआं देख कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। कई कर्मचारी बाहर की ओर भागे। बैंक समय समाप्त होने से कोई ग्राहक तो नहीं थे लेकिन वहां से गुजर रहे राहगीर व आसपास के लोगों में भय व्याप्त हो गया। बैँक में ही मौजूद फायर सिलींडर को किसी तरह चालू कर कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। शाखा प्रबंधक सौरभ गुप्ता ने बताया कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। फायर सिलींडर से बुझा दी गई है। आग से कोई नुकसान नहीं हुआ है। बताया कि घटना के समय बैंक में कर्मचारी ही मौजूद थे। अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।