चित्रकूट। श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री व जिले के प्रभारी मनोहर लाल (मन्नू कोरी) की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। प्रभारी मंत्री ने लापरवाह अधिकारियों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
शुक्रवार को हुई बैठक में उन्होंने कहा कि जिन साधन सहकारी समितियों में डीएपी भेजी गई है, उसकी सूची जनप्रतिनिधियों को दी जाए। किसी भी स्तर पर खाद की कमी नहीं होनी चाहिए। जिला आबकारी अधिकारी से कहा कि गांव-गांव अवैध शराब बिकने की शिकायतें मिली हैं। इनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। खनिज अधिकारी को अवैध खनन और ओवरलोडिंग रोकने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता से कहा कि प्रत्येक दशा में 15 नवंबर तक नहरों की सिल्ट सफाई कराकर टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, भाजपा जिलाध्यक्ष लवकुश चतुर्वेदी, डीएम शिवशरणप्पा जीएन, एसपी अरुण कुमार सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
ट्रांसफार्मर न बदलने पर मंत्री ने जताई नाराजगी
जनप्रतिनिधियों के अवगत कराने के बावजूद ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी को चिह्ति कर उसके खिलाफ एमडी को पत्र लिखें। जो लाइनमैन एक ही क्षेत्र में कई साल से कार्यरत हैं, उनके क्षेत्र बदले जाएं। बैठक में एनएच और ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अधिकारियों के न आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।