09 सीकेटीपी 05 डीएम को ज्ञापन सौंपते भाकियू के पदाधिकारी।
चित्रकूट। भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में धरना- प्रदर्शन किया। किसानों का कहना था कि मौजूदा समय में बंदर और वनरोज का आतंक है। फसलों को नुकसान हो रहा है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने डीएम पुलकित गर्ग से मुलाकात कर उन्हें अपनी समस्या बताई। साथ ही उन्हें मांगपत्र भी दिया।
जिलाध्यक्ष राम सिंह राही ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसान व आमजन बंदर व वनरोज के आतंक से तरह परेशान हैं। बुंदेलखंड कभी दलहन-तिलहन उत्पादन का प्रमुख क्षेत्र हुआ करता था लेकिन अब तिलहन की खेती लगभग समाप्त होती जा रही है। इसका सबसे बड़ा कारण बंदर और वनरोज द्वारा फसलों का व्यापक स्तर पर नुकसान पहुंचाना है। चना, अरहर, गेहूं और सब्जियों जैसी मुख्य फसलें लगातार नष्ट हो रही हैं।
हालात इतने भयावह हो चुके हैं कि घरों में महिलाओं और बच्चों का भोजन करना तक मुश्किल हो गया है। बच्चों और महिलाओं में स्कूल, खेत और गांव के बाहर निकलने को लेकर भय का माहौल है। मंडल उपाध्यक्ष छेदीलाल सिंह, ओमनारायण गर्ग, युवा विंग जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह, महामंत्री सिद्धार्थ विक्रम सिंह, जिला महामंत्री अरुण कुमार पांडेय मौजूद रहे।