शहर के डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत करते बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला।
- फोटो : CHITRAKUTT
चित्रकूट। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष व फिल्म अभिनेता राजा बुंदेला ने कहा कि देश में किसान आंदोलन के नाम पर अराजकता फैलाई जा रही है, जिसमें पाकिस्तान और खालिस्तान की बात होती है। उन्होंने कहा कि नए कृषि कानूनों से किसी को नुकसान नहीं होगा, कांग्रेस शासित राज्यों के किसानों को उकसाकर आंदोलन कराया जा रहा है। कहा कि आगामी दिनों में चित्रकूट में संत समागम का आयोजन होगा। जिसमें उप्र व मप्र के मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे।
दस दिवसीय पानी, जवानी व किसानी संवाद यात्रा का समापन चित्रकूट में करने के बाद बृहस्पतिवार को मुख्यालय के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से रूबरू होते हुए बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ने बताया कि बुंदेलखंड में सात नदियां होने के बावजूद लोगों को सही ढंग से पानी मुहैया नहीं हो रहा है। प्रदेश सरकार ने घर-घर पानी पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए योजनाएं तैयार हैं और कार्य भी शुरू हो गए हैं।
सरकार ने प्रवासी मजदूरों को जनपद में ही रोजगार मुहैया कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने बताया कि बछरन गांव में किसान अन्ना गायों से परेशान थे। वहां गोशाला बनाकर तीन सौ गोवंशों का रखा जा रहा है। अभिनेता ने कहा कि जिले में हवाई पट्टी व बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के निर्माण से चित्रकूट में ही मिनी फिल्म सिटी बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र का विकास होगा।
नए कृषि कानूनों के बारे में उन्होंने कहा कि कुछ प्रांत के किसानों को उकसाकर आंदोलन कराया जा रहा है। आंदोलन में अराजकता और देश विरोधी बातें होती हैं, जिसे कोई नहीं बर्दाश्त करेगा। बताया कि जिले को हरा-भरा करने के लिए एनजीओ के सहयोग से एक मीटर ऊंचे तैयार पौधे रोपे जाएंगे। बताया कि 11 दिवसीय संत समागम के लिए सात अखाड़ों के महंतो के साथ बैठक की है।
चित्रकूट के घाट में भई संतन की भीड़-संत समागम का नाम होगा। इस कार्यक्रम में उप्र-मप्र के मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे। इस मौके पर बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह, आश्रय सिंह, रामबाबू तिवारी व जानकी गुप्ता मौजूद रहे। गौरतलब है कि 11 जनवरी को औरैया से शुरु होकर बुंदेलखंड के सातों जिले का भ्रमण कर चित्रकूट में समापन हुआ।