मऊ। विकास खंड परिसर मऊ में गुरुवार को किसान कल्याण मिशन के अंतर्गत कृषि मेला व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को कृषि कानूनों सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने कहा कि नए कानून किसानों के लिए फायदेमंद हैं, इसके जरिये उनको अपनी उपज बेचने में ज्यादा लाभ होगा।
मेले का शुभारंभ करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व सांसद आर के सिंह पटेल ने कहा कि किसान किसी के बहकावे में न आएं। जिला कृषि अधिकारी बसंत दुबे ने बताया कि जिले में एक लाख तीन हजार किसानों के खाते में किसान सम्मान निधि की धनराशि भेजी गई है।
उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी विमलेश कुमार ने कहा कि किसान कृषि योजनाओं का लाभ लें और खेती के साथ पशुपालन भी करें। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. केपी यादव ने बताया कि गोशालाओं में मवेशियों को रखा जा रहा है। इस समय अन्ना प्रथा की समस्या नहीं है।
कार्यक्रम के दौरान 12 किसानों को यंत्र लेने के लिए स्वीकृत पत्र दिए गए व पांच किसानों को केसीसी स्वीकृत पत्र दिए गए। इस मौके पर भूमि संरक्षण अधिकारी बाल गोविंद यादव, जिला कृषि रक्षा अधिकारी धर्मेंद्र अवस्थी, भाजपा नेता संतोष मिश्र, राघवेंद्र सिंह, ओमप्रकाश, श्याम नारायण शुक्ला, मनोरमा आदि रहे। संचालन प्रतीक सिंह ने किया।