चित्रकूट। भरतकूप थाना क्षेत्र के रसिन के मजरा फाटा पुरवा के घर में किसान की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर दूसरे घर में रहने वाले परिजनों को जानकारी हुई। दो दिन पहले ही किसान की पत्नी मायके में शादी समारोह में शामिल होने बच्चों के साथ गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पिता रामशरण ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फाटापुरवा निवासी चचेरे भाई धनराज पटेल ने बताया कि किसान रामबाबू पटेल (40) पुत्र रामशरण अपने परिवार के साथ अलग रहता था। माता-पिता कुछ दूरी पर दूसरे मकान में रहते हैं। दो दिन पहले रामबाबू की पत्नी सविता देवी बच्चों के साथ अपने मायके कंठीपुर गांव गई थी। शनिवार की रात रामबाबू अपने माता-पिता के घर से खाना खाकर घर पर अकेले सोने गया था।
रविवार को काफी देर तक नहीं उठा तो चचेरे भाई कंचन व बहन पिंकी ने आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर अनहोनी की आशंका पर पीछे से सीढ़ी लगाकर घर के अंदर गए तो लहूलुहान शव पड़ा देखा। कंचन ने बताया कि रामबाबू के कनपटी व गले के पास गोली मारी गई है।
परिजनों की सूचना पर एसपी अरुण कुमार सिंह, सीओ सिटी हर्ष पांडेय, कोतवाल अजीत कुमार पांडेय व थाना प्रभारी सूबेदार बिंद पुलिस बल व डाक स्क्वायर्ड टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। पुलिस ने मृतक रामबाबू का मोबाइल कब्जे में लिया है। मौके पर मिली गोली को जांच के लिए भेजा है।