मऊ (चित्रकूट)। थाना क्षेत्र के ग्राम छिवलहा निवासी एक किसान का शव गांव से पांच सौ मीटर दूर पथरौड़ी नदी के पास पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या कर शव पेड़ से लटकाने की आशंका जताई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या के साक्ष्य नहीं मिले हैं।
छिवलहा गांव निवासी शिवप्रसाद उर्फ लवकुश नामदेव (38) पुत्र कालका प्रसाद बुधवार रात को खाना खाने के बाद करीब नौ बजे घर से खेत के लिए निकला था। रात 11 बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
घर से पांच सौ मीटर दूर शिव प्रसाद का शव पथरौड़ी नदी के पास महुंवा के पेड़ पर गमछे से लटका मिला। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे। इस पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद से पत्नी उमा देवी व मां कैलशिया का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवप्रसाद की तीन पुत्री व दो पुत्र हैं।
भाई शिव गुलाम व शिवअवतार ने बताया कि एक सप्ताह पहले पड़ोसियों ने उनकी जमीन पर कब्जे का प्रयास किया था। इस पर उनका पड़ोसियों से विवाद हुआ था। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की थी।
बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लेकर जाते समय परिजन मऊ थाने के सामने शव रखकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करने लगे। परिजनों ने पड़ोसियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। थाना प्रभारी सुभाष चौरसिया ने बताया कि पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।