28 सीकेटीपी-8- परिचय- घटना के बाद गांव मेें बैठीं गमगीन महिलाएं । संवाद
चित्रकूट। हाईवे पर तेज रफ्तार गिट्टी लदे ट्रक ने रैपुरा थाना क्षेत्र के कस्बे के बाहर शुक्रवार रात को एक किसान को कुचल दिया। वह खेत की ओर जा रहा था। सूचना पर पुलिस एंबुलेंस से घायल को सीएचसी रामनगर ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मय ट्रक के चालक को पुलिस ने पकड़ लिया।
झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के रैपुरा थाना क्षेत्र के रैपुरा निवासी चुन्नी देवी ने बताया कि उसके पति कमतू प्रजापति (58) शुक्रवार की रात को खेत से पैरा लेने के लिए ट्रैक्टर से गए थे। हाईवे किनारे की खेत होने पर वह सड़क किनारे ट्रैक्टर से उतरकर खेत की ओर जा रहे थे तभी कर्वी की ओर से प्रयागराज की ओर जा रहे गिट्टी लदे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। जानकारी होते ही वहां पर पहुंचे ग्रामीणों ने ट्रक व चालक को पकड़कर पुलिस सूचना दी।
थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी ने बताया कि सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और ट्रक और चालक को हिरासत में ले लिया है। किसान को एंबुलेंस से लेकर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पाकर परिजनों के संग पत्नी सीएचसी पहुंची। अस्पताल में पत्नी कई बार बेहोश हो गई। कमतू खेती किसानी कर परिवार का पालन पोषण करते थे।
-
कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
शिवरामपुर। भरतकूप थाना क्षेत्र के बैहार गांव निवासी बद्री प्रसाद(35) शुक्रवार देर शाम बाइक से गांव से कर्वी जा रहा था। बेड़ीपुलिया के पास एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह बाइक के साथ गिर पड़ा। राहगीरों ने घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसने हेलमेट नहीं पहना था। (संवाद)