23 सीकेटीपी-06- गोस्वामी तुलसीदार द्वारा स्थापित हनुमान जी मूर्ति। संवाद
चित्रकूट। गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर में मंगलवार से आस्था का बड़ा मेला शुरू होगा। कार्तिक पूर्णिमा से शुरू यह मेला अगहन पूर्णिमा तक चलेगा। इस प्रसिद्ध अगहन मेले में एक लाख से ज्यादा श्रद्धालु आने का अनुमान है।
ऐतिहासिक संकट मोचन मंदिर में पूजन के लिए दूर-दराज से भक्तों का जमावड़ा लगेगा। श्रद्धालु तुलसी जन्मकुटीर के दर्शन करने के साथ तुलसी घाट पर यमुना में स्नान करेंगे। मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए खोआ और चीनी के विशेष लड्डू तैयार किए जा रहे हैं।
मान्यता है कि गोस्वामी तुलसीदास ने पत्थर की शिला पर हनुमान जी की आकृति बनाकर पूजा की थी। बाद में चंदन से बनी आकृति पत्थर पर स्थायी रूप से उभर आई। श्रद्धालु इसे स्वयंभू स्वरूप मानकर दर्शन करते हैं।
मंदिर के पुजारी सूर्यप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार प्रजापति ने बताया कि मंदिर के गर्भगृह से मेला परिसर तक पुलिस बल तैनात रहेगा। महिला पुलिसकर्मी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी निगरानी करेंगे।
उधर, यमुना पुल से तुलसी चौक तक हाईवे पर फैली गिट्टी और उड़ती धूल से स्थानीय निवासी रामराज, जयकेश सिंह व हरिशंकर ने गिट्टी हटाने की मांग की है। नगर पंचायत अध्यक्ष संजीव मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और साफ-सफाई के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
23 सीकेटीपी-06- गोस्वामी तुलसीदार द्वारा स्थापित हनुमान जी मूर्ति। संवाद