जिला स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता के पहले दिन फर्राटा दौड़ में पहाड़ी के अंकित व दौ सौ मीटर दौड़ में मऊ के नीरज कुमार ने बाजी मारी।
पोद्दार इंटर कालेज, सीतापुर में सोमवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता की शुरूआत जिलाधिकारी नीलम अहलावत ने मार्च पास्ट की सलामी लेकर की। जिलाधिकारी ने कहा कि समय-समय पर खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन होना चाहिए और छात्रों को इसमें प्रतिभाग करने में कोई चूक नहीं करनी चाहिए।
जीत हार तो खेल का हिस्सा है। बगैर खेलकर बाहर बैठने की बजाए मैदान में उतरना ही महत्वपूर्ण होता है। क्षेत्र में बालिकाओं में भी तमाम प्रतिभाएं हैं, लेकिन उनको पर्याप्त मौके नहीं मिल पाते। अभिभावक बच्चों पर पढ़ाई का दबाव न डालकर समझाएं। जिससे बालिकाएं पढ़ाई और खेलकूद दोनों क्षेत्र में कामयाबी हासिल करेंगी। इसके बाद पहले दिन की प्रतियोगिताएं शुरू हुईं। सौ मीटर दौड़ में अंकित पहाड़ी प्रथम, हेमंत रामनगर द्वितीय रहे।
जूनियर गोला फेंक में गया प्रसाद मऊ प्रथम, बालिका वर्ग में गुलाबकली मऊ व ऊषा देवी मऊ द्वितीय रहीं। दो सौ मीटर दौड़ में मऊ के नीरज कुमार प्रथम, हेमंत द्वितीय व उज्जवल तृतीय रहे। कबड्डी में मऊ विजेता व रामनगर उपविजेता रहे।
इस मौके पर बीएसए वीके सिंह ने जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। एबीएसए चंद्र मोहन सिंह, जितेंद्र गौड़, प्रमोद गुप्ता, दयानंद सिंह, लवलेश कुशवाहा, लल्लूराम, गोपालकृष्ण, आनंद यादव, बैजनाथ प्रजापति, रूकमैया खातून, जयनारायण सिंह, लक्ष्मी शंकर, रामनारायण साहू, श्यामसुंदर यादव, प्रमोद द्विवेदी व संजय अवस्थी आदि मौजूद रहे।