चित्रकूट। स्टेशन रोड सहित अन्य मार्ग में सड़क किनारे बने फुटपाथ पर दुकानदारों व अन्य व्यवसाय करने वालों ने अतिक्रमण कर लिया है। इससे निकलना मुश्किल हो रहा है। वाहनों के निकलने के लिए जगह नहीं होने से आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
शहर के स्टेशन रोड में रेलवे स्टेशन के आसपास दुकानदारों व होटल का व्यवसाय करने वाले फुटपाथ तक समान रख कर व्यवसाय कर रहे हैं। इससे यहां पर आए दिन जाम लगा रहता है। झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में शहर के ईंट मंडी से लेकर पुरानी बाजार के चौराहे तक फुटपाथ में दुकानदारों ने पूरी तरह से कब्जा कर लिया है । यही हाल कर्वी पहाड़ी मार्ग में धनुष चौराहे से लेकर वनकट रोड में फुटपाथ पर समान में रखकर कई दुकानदार बेच रहे हैं। मिशन रोड सहित अन्य रोड का भी यही हाल है।
कई दुकानदार लोहे के पाइप को सड़क तक रख देते हैं। इससे निकला मुश्किल है। शहर के राजेश सिंह, सीताराम सिंह ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर मात्र खानापूर्ति की जाती है। कई दुकानदारों ने फुटपाथ पर पक्के चबूतरे बना लिए हैं। इससे जब कभी बारिश होती है तो सड़क में ही पानी भर जाता है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लाल जी यादव ने बताया कि समय -समय पर अतिक्रमण अभियान चलाया जा रहा है। कई दुकानदारों को चेतावनी दी गई है । यदि नहीं माने तो अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।