चित्रकूट। जिला अस्पताल में समय से डॉक्टरों के न पहुंचने का समाचार अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर अपर स्वास्थ्य निदेशक ने संज्ञान लिया और सीएमएस से लिखित जवाब मांगा है। साथ ही डॉक्टरों को समय से अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए।
जिला अस्पताल में सुबह 10 बजे तक फिजीशियन कक्ष में डॉक्टर मौजूद नहीं थे। इससे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। यहीं हाल अल्ट्रासाउंड के डॉक्टर का रहा, जो 11 बजे तक अपने कक्ष नहीं पहुंचे थे। मरीजों की लंबी लाइन लगी थी। 40 से अधिक मरीजों को नंबर दे दिया गया था। मरीज बैठ कर डॉक्टरों के आने का इंतजार कर रहे थे।
उसके बाद डॉक्टर पहुंचे तो पहले अल्ट्रासाउंड कराने के चक्कर में मरीजों व तीमारदारों में धक्का मुक्की होने लगी। इसकी आवाज सुनकर कई डाक्टर ने अल्ट्रासाउंड न करने की धमकी भी दी थी। अमर उजाला में सात नवंबर को खबर प्रकाशित होने के बाद अपर स्वास्थ्य निदेशक ने सीएमएस डॉ. शैलेंद्र कुमार को नोटिस जारी कर तुरंत जवाब मांगा। सीएमएस ने बताया कि नोटिस का जवाब दे दिया गया है। सभी डॉक्टरों को समय से अस्पताल पहुंचे के निर्देश दिए गए हैं।