चित्रकूट। बुंदेलखंड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला ने शासन की मंशानुरूप कोविड टीकाकरण जागरुकता के लिए विकास खंड पहाड़ी क्षेत्र के कई गांवों में चौपाल लगाई। टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया।
बुधवार को पहाड़ी क्षेत्र के गौहानी कला, देहरुछ, गनीवा प्रसिद्धपुर और कलवलिया आदि गांवों में उन्होंने चौपाल लगाकर ग्रामीणों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। घर, परिवार, समाज और खुद की रक्षा के लिए जरूरी है कि टीकाकरण जल्द से जल्द कराया जाये। सभी ग्रामवासियों से अपील की है कि 18 से 44 वर्ष के मध्य तथा 45 वर्ष से ऊपर के लोग वैक्सीनेशन अवश्य कराएं। कलवलिया और गौहानी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड टीकाकरण कैंप लगाया गया था। साथ में मौजूद भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य पंकज चौधरी ने कहा कि जान बचाना है तो वैक्सीन लगवाना है। बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि कोविड टीकाकरण आवश्यकता ही नहीं जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रभारी सीएमओ डा. इम्तियाज, पहाड़ी पीएचसी के अधीक्षक डा. श्याम किशोर और चीफ फार्मासिस्ट डा. राधेश्याम सिंह ने ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान किया। इस मौके पर आश्रय सिंह, वीपी पटेल, संजय गुप्ता के अलावा बुंदेली सेना की टीम मौजूद रही।