मऊ(चित्रकूट)। तहसील के ग्राम पूरबपताई व नीबी में जिला मजिस्ट्रेट शुभ्रांत कुमार शुक्ल व एसपी अंकित मित्तल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। डीएम ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पारदर्शी और निष्पक्षता से शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराए जाने के लिए प्रशासन और पुलिस तैयार है।
किसी को मतदान करने से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। पंचायत चुनाव को शांतिपूर्वक ढंग से संपंन कराने में सहयोग करें। यदि कोई दबंग मतदान करने के लिए धमकाता है या प्रलोभन देता है तो उसकी सूचना कंट्रोल रूम या पुलिस अधिकारियों को तत्काल दें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार और मतदान के दौरान कोविड-19 की गाइड लाइन का पूरी तरह से पालन किया जाए। कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है। उन्होंने संभावित उम्मीदवारों और समर्थकों से अपील की कि मास्क का प्रयोग आवश्यक रूप से करें। एसपी ने ग्रामीणों से कहा कि चुनाव में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मतदान को प्रभावित करने वाले लोगों के चयन करने में सहयोग करें।
अग्निकांड रोकने के लिए निगरानी समिति गठित
चित्रकूट। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने बताया कि अग्निकांड से होने वाली क्षति को रोकने व प्रभाव को न्यूनीकृत किए जाने के लिए जनपद स्तरीय निगरानी समिति का गठन किया है। समिति में डीएम अध्यक्ष, एसपी सदस्य, एडीएम वित्त एवं राजस्व सदस्य नोडल अधिकारी जनपद स्तर, सीएमओ सदस्य, एसडीएम कर्वी, मानिकपुर, राजापुर, मऊ, सदस्य नोडल अधिकारी तहसील स्तर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सदस्य, डीपीआरओ को सदस्य बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जनपद में पिछले पांच वर्षों में अग्निकांड से हुई क्षति का विश्लेषण कर अति संवेदनशील एवं संवेदनशील क्षेत्रों का चयन किया जाएं। इन क्षेत्रों में अग्निकांड बचाव के लिए विशेष निगरानी रखें। (संवाद)
----
यहां भी जमा कर सकते चालान
चित्रकूट। डीएम ने कहा कि पंचायत चुनाव में चालान की धनराशि का चालान जमा करने में असुविधा हो रही है। ऐसे में त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन से संबंधित धनराशि राजकीय कोष में निम्न माध्यमों से भी जमा कराई जा सकती है। इसके लिए भारतीय स्टेट बैंक शाखा कर्वी, संबंधित निर्वाचन अधिकारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय में 385 रसीद, शासकीय जमा संबंधी पोर्टल, सिविल जमा पंचायत चुनाव के अंतर्गत डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग अथवा यूपीआई के द्वारा फार्म 24़7 जमा किया जा सकता है।(संवाद)